हिन्दुस्तान मिरर: अलीगढ़, 15 फरवरीः अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के राजा महेंद्र प्रताप सिंह एएमयू सिटी स्कूल में पोस्टग्रेजुएट शिक्षक सैयद विकार अकबर को टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज, मुंबई के सेंटर फॉर लाइफ लॉन्ग लर्निंग द्वारा एक वर्षीय ‘‘उमंग फेलोशिप‘‘ से सम्मानित किया गया है।
यह फेलोशिप शिक्षकों के लिए सकारात्मक शिक्षण वातावरण बनाने और छात्रों के लिए एक अच्छे व प्रेरणादायक सीखने का माहौल विकसित करने पर केंद्रित है। इसका उद्देश्य शिक्षकों को नवीन तरीकों से शिक्षण को और अधिक प्रभावी व रोचक बनाने के लिए तैयार करना है।
लगभग दो दशकों से माध्यमिक और उच्च माध्यमिक कक्षाओं में अंग्रेजी पढ़ा रहे सैयद विकार अकबर की इस फेलोशिप के लिए चयन उनकी शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उनकी भागीदारी से एएमयू सिटी स्कूल में शिक्षण अनुभव को और समृद्ध करने की उम्मीद की जा रही है।