हिन्दुस्तान मिरर: 10 मार्च: अलीगढ़ मंडल ने जनशिकायत निस्तारण में उल्लेखनीय प्रगति करते हुए फरवरी 2025 में प्रदेश स्तर पर छठा स्थान प्राप्त किया है, जो जनवरी 2025 में 12वें स्थान पर था। यह उछाल आयुक्त संगीता सिंह की सक्रियता और उत्तरदायित्व को दर्शाता है। उन्होंने कार्यभार ग्रहण करने के बाद जनसुनवाई पोर्टल, सीएम हेल्पलाइन और अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समयसीमा में निस्तारण सुनिश्चित किया है। नागरिकों की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि शिकायतों का समाधान पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ किया जाए।
उप निदेशक अर्थ एवं संख्या अनुला वर्मा ने बताया कि नवंबर और दिसंबर माह में अलीगढ़ मंडल क्रमशः 7वें और 8वें स्थान पर था, जबकि जनवरी में यह 12वें स्थान पर खिसक गया था। आयुक्त संगीता सिंह के कार्यभार ग्रहण करने के बाद जनशिकायत निस्तारण में विशेष रुचि लेते हुए शिकायतकर्ताओं से समस्याओं के निस्तारण के बारे में वार्ता की गई। असंतोषजनक फीडबैक प्राप्त होने पर संबंधित अधिकारियों से समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण समाधान कराया गया।
यह उपलब्धि आयुक्त संगीता सिंह के नेतृत्व और मंडल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की संयुक्त प्रयासों का परिणाम है, जो जनशिकायत निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हैं।