मण्डलायुक्त एवं जिलाधिकारी ने होली पर्व की दीं शुभकामनाएं

होली को नशे का त्योहार न बनाएं, आपसी भाईचारे एवं सौहार्द के साथ मनाएं रंगों का त्योहार

हिन्दुस्तान मिरर: अलीगढ़, 12 मार्च 2025: मण्डलायुक्त संगीता सिंह ने मण्डल वासियों को होली पर्व की शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख, शांति और समृद्धि की कामना की है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि होली का पर्व सौहार्द और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं। यह रंगों और खुशियों का त्यौहार है, जिसे सभी को मिलजुल कर प्रेम और सौहार्द के साथ मनाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की गतिविधि से बचें जिससे किसी की धार्मिक भावनाएं आहत हों या कानून-व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़े। सभी को जिम्मेदारीपूर्वक इस उत्सव का आनंद लेना चाहिए।

होली अनेकता में एकता की संस्कृति का प्रतीक – जिलाधिकारी

जिलाधिकारी संजीव रंजन ने भी होली पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह त्यौहार जीवन में हर्षोल्लास और उमंग का प्रतीक है। होली के विविध रंग हमारे समाज में अनेकता में एकता की संस्कृति को दर्शाते हैं। रंगों का यह संगम हमारी गंगा-जमुनी तहजीब को और मजबूत करता है।

उन्होंने कहा कि कुछ लोग होली को नशे और शराब के साथ जोड़कर इसे गलत दिशा में ले जाते हैं, जिससे न केवल उनके स्वास्थ्य और धन की हानि होती है, बल्कि वे नशे की हालत में वाहन चलाकर दूसरों की जान को भी जोखिम में डालते हैं। यह एक गंभीर अपराध है और पूरी तरह से दंडनीय भी है।

सुरक्षित और सम्मानजनक तरीके से मनाएं होली

जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील की कि होली खेलते समय सभी की भावनाओं का सम्मान करें। यदि कोई व्यक्ति होली नहीं खेलना चाहता है, तो उस पर जबरन रंग न डालें। पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए हर्बल रंगों का अधिकाधिक उपयोग करें, जिससे किसी को त्वचा संबंधी समस्याओं का सामना न करना पड़े।

होली प्रेम, सौहार्द और खुशियों का त्योहार है, इसे उल्लासपूर्वक और सुरक्षित तरीके से मनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *