हिन्दुस्तान मिरर :अलीगढ़। ऋषि बोध पर्व के अवसर पर आर्य समाज प्रचार केंद्र, कनवरीगंज, अलीगढ़ द्वारा 26 फरवरी को एक विशाल शोभा यात्रा का आयोजन किया गया। शोभा यात्रा का शुभारंभ महापौर प्रशांत सिंघल और पूर्व महापौर शकुंतला भारती ने संयुक्त रूप से किया।
यह शोभा यात्रा प्रातः 10 बजे आर्य समाज प्रचार केंद्र, कनवरीगंज से शुरू होकर देहली गेट चौराहा, उदयसिंह जैन रोड, वाराहद्वारी, पत्थर बाजार, मीरीमल की प्याऊ, कम्पनी बाग, दूवे के पड़ाव होते हुए मदार गेट स्थित आर्य समाज दयानन्द बाल विद्यालय प्रांगण में संपन्न हुई।
यात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने फूल-मालाओं, मिठाइयों और फलों से शोभा यात्रा का भव्य स्वागत किया। इसमें कन्या गुरुकुल सासनी, साधू आश्रम हरदुआगंज और दयानन्द बाल मंदिर के ब्रह्मचारी और ब्रह्मचारिणी भी शामिल हुए, जिन्होंने शोभा यात्रा की भव्यता को बढ़ाया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने आर्य समाज के संस्थापक ऋषि दयानंद के वेद प्रचार कार्यों और भारत की आजादी में उनके योगदान की सराहना की। शोभा यात्रा के दौरान आर्य समाज के भजन-कीर्तन गाए गए, जिनसे वातावरण देशभक्ति से ओतप्रोत हो गया। शहर के प्रसिद्ध बैंड की देशभक्ति धुनों ने भी लोगों का मन मोह लिया।
शोभा यात्रा की प्रशासनिक अनुमति कार्यक्रम संयोजक जगदीश आर्य द्वारा ली गई थी, जिसके चलते प्रशासन और पुलिस का पूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ।
इस आयोजन में प्रमुख रूप से अशोक भारद्वाज, भूपेन्द्र कुमार गुप्ता, राजेन्द्र पथिक, श्रीधर आर्य, विजय खंडेलवाल, सोमेश शिवांकर, महेन्द्र पाल, आशीष शर्मा, लक्ष्मी शर्मा, सरोज गुप्ता और रणवीर सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।