हिन्दुस्तान मिरर :अलीगढ़। न्यायिक सेवा में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे अपर जिला जज संजय चौधरी के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके पूज्य पिता रणधीर सिंह जी का सोमवार को स्वर्गवास हो गया। उनके निधन की खबर से न केवल परिवार, बल्कि प्रशासनिक और न्यायिक क्षेत्र में भी शोक की लहर दौड़ गई।
स्व. रणधीर सिंह जी एक वरिष्ठ पीसीएस अधिकारी के रूप में अपनी अलग पहचान रखते थे। आगरा के मूल निवासी रणधीर सिंह ने अपने कार्यकाल के दौरान अलीगढ़, मेरठ और सहारनपुर समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई प्रमुख जिलों में अपनी सेवाएं दीं। अपनी प्रशासनिक कुशलता और कानून व्यवस्था को सख्ती से लागू करने के लिए वे जाने जाते थे। उन्होंने अपने कार्यकाल में कानून और जनहित के मामलों को अत्यंत गंभीरता और समर्पण से संभाला।
समाजसेवा में भी निभाई अहम भूमिका
रिटायरमेंट के बाद स्व. रणधीर सिंह समाजसेवा में सक्रिय हो गए थे। अपने प्रशासनिक अनुभव और सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूकता के कारण वे आम जनता के बीच सम्मानित व्यक्तित्व थे। उन्होंने हमेशा जरूरतमंदों की मदद की और सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खुशहाल परिवार की विरासत छोड़ गए
स्व. रणधीर सिंह अपने पीछे एक समृद्ध और प्रतिष्ठित परिवार छोड़ गए हैं। उनके पुत्र संजय चौधरी अलीगढ़ और मथुरा में अपर जिला जज के पद पर कार्यरत रहे हैं। उनकी पुत्रवधू ज्योति चौधरी भी अपर जिला जज हैं, जिन्होंने मथुरा में अपनी सेवाएं दी हैं।
परिवार में प्रशासनिक और न्यायिक सेवाओं की विरासत को आगे बढ़ाने का सिलसिला जारी है। स्व. रणधीर सिंह की पत्नी ब्लॉक प्रमुख रह चुकी हैं। उनके एक दामाद भी अपर जिला जज के रूप में कार्यरत हैं, जबकि दूसरे दामाद राज बहादुर सिंह एक वरिष्ठ पीसीएस अधिकारी हैं। राज बहादुर सिंह अलीगढ़ में सहायक नगर आयुक्त और हाथरस के सिकंदरा राऊ में एसडीएम के रूप में अपनी जिम्मेदारियों को निभा चुके हैं।
शोक संवेदनाएँ व्यक्त की गईं
स्व. रणधीर सिंह के निधन पर जिले की प्रमुख हस्तियों ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। अलीगढ़ के प्रमुख उद्योगपति विनोद कुमार सिंघल और युवा कारोबारी महक सिंघल ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। भाजपा के जिला मंत्री अवध प्रकाश सिंह ने भी उनके निधन को समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
इसके अतिरिक्त न्यायिक और प्रशासनिक सेवा से जुड़े अधिकारियों, अधिवक्ताओं और समाज के गणमान्य व्यक्तियों ने भी स्व. रणधीर सिंह के निधन पर शोक प्रकट करते हुए परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की कामना की।
स्व. रणधीर सिंह का अंतिम संस्कार पूरे सम्मान के साथ किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में अधिकारी, अधिवक्ता, जनप्रतिनिधि और समाजसेवी शामिल हुए। उनकी विदाई से क्षेत्र ने एक ईमानदार, कर्तव्यनिष्ठ और समाजसेवी व्यक्तित्व को खो दिया है।