सीमावर्ती क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति और संभावित बाढ़ की तैयारियों का लिया जायजा
अलीगढ़, 25 जनवरी 2025 (सू0वि0): जिलाधिकारी संजीव रंजन ने शुक्रवार को खैर तहसील के सीमावर्ती क्षेत्रों का निरीक्षण किया। यह क्षेत्र हरियाणा राज्य और गौतमबुद्धनगर जिले की सीमा से सटा हुआ है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति और उससे निपटने के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा लिया।
उप जिलाधिकारी (एसडीएम) खैर महिमा राजपूत ने जिलाधिकारी को सीमावर्ती क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति और विवादित सीमा के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि खैर तहसील की सीमा हरियाणा और गौतमबुद्धनगर से मिलती है। हरियाणा सीमा से सटे स्यारौल और अन्य गांवों में सीमा विवाद की स्थिति बनी हुई है। इस पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों और किसानों को आपसी समन्वय के माध्यम से विवाद सुलझाने के निर्देश दिए।
संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण
एसडीएम ने बताया कि यमुना नदी खैर तहसील के महाराजगढ़, ऊटासानी, पखोदना और शेरपुर गांव से होकर गुजरती है। इनमें से महाराजगढ़ और शेरपुर गांव नदी और बांध के मध्य स्थित हैं। विगत वर्ष ये गांव बाढ़ से प्रभावित हुए थे। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि संभावित बाढ़ से बचाव के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने विशेष रूप से यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि किसी प्रकार की जनहानि न हो।
निरीक्षण के दौरान बीडीओ टप्पल दीपक कुमार समेत अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।
तहसील खैर का भी किया निरीक्षण
जिलाधिकारी ने खैर तहसील कार्यालय का निरीक्षण करते हुए आगंतुकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने पूरे तहसील परिसर में सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
सभी पत्रावलियों और अभिलेखों की जांच करते हुए उन्होंने उनके व्यवस्थित अंकन और सुरक्षित रखने पर जोर दिया। साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि वे समय पर कार्यालय में उपस्थित रहें और आगंतुकों के कार्यों का त्वरित समाधान करें।