कमिश्नरी में भव्यतापूर्ण ढंग से मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस

महिलाओं के सभी रूपों का मान-सम्मान करना हमारा कर्तव्य: संगीता सिंह, आयुक्त अलीगढ़ मंडल

हिन्दुस्तान मिरर: अलीगढ़, 08 मार्च 2025: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर अलीगढ़ कमिश्नरी सभागार में एक भव्य और गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में अलीगढ़ मंडल की आयुक्त संगीता सिंह ने भाग लिया और दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने उपस्थित महिलाओं और छात्राओं को महिला दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए उनके योगदान और संघर्ष को सराहा।

कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में मंडलायुक्त ने कहा कि महिलाओं के अंदर असीम शक्ति होती है और वे हर परिस्थिति में आगे बढ़ने की क्षमता रखती हैं। उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और आत्मविश्वास बनाए रखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा, “आत्मविश्वास के साथ जब हम आगे बढ़ते हैं तो हमें कोई भी रोक नहीं सकता। महिला, महिला के साथ चलेगी तभी यह अवधारणा सफल होगी।” उन्होंने समाज में महिलाओं की विभिन्न भूमिकाओं की चर्चा करते हुए कहा कि महिलाएँ कभी बेटी, कभी बहन, कभी पत्नी तो कभी माँ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाती हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि समाज को महिलाओं के हर रूप का सम्मान करना चाहिए।

कार्यक्रम में उपस्थित स्कूली छात्र-छात्राओं ने अपने भविष्य और करियर से संबंधित सवाल किए, जिनका मंडलायुक्त ने बखूबी उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं को शांत किया। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने करियर को संवारने के लिए कड़ी मेहनत करें और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहें। उन्होंने कहा कि “आप सभी का बुनियादी ज्ञान मजबूत होना बहुत आवश्यक है, क्योंकि यही आपको आगे बढ़ने में मदद करेगा।” उन्होंने बच्चों और महिलाओं से आग्रह किया कि वे अपने भीतर की जिजीविषा को कभी मरने न दें और हमेशा आगे बढ़ने का प्रयास करें।

इस अवसर पर अपर आयुक्त बी.के. सिंह, उपजिला अधिकारी खैर महिमा सिंह, उप निदेशक दिव्यांग सशक्तिकरण पारिशा मिश्रा, एडीआईओएस मनोरमा ठाकुर, एडीआईओ मनोरमा सिंह समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी महिलाओं और छात्राओं को महिला सशक्तिकरण का संकल्प दिलाया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इस गरिमामयी आयोजन में महिलाओं के प्रति सम्मान और उनके योगदान की सराहना करते हुए, समाज में उनकी भूमिका को और अधिक सशक्त बनाने का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *