बाल श्रमिकों को कराया गया मुक्त, सेवायोजकों पर होगी सख्त कार्रवाई
हिन्दुस्तान मिरर: अलीगढ़, 29 जनवरी 2025 जिले में बाल श्रम के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के तहत श्रम विभाग की संयुक्त टीम ने 06 बाल श्रमिकों को मुक्त कराया। यह अभियान सहायक श्रम आयुक्त के नेतृत्व में श्रम प्रवर्तन अधिकारी सुभाष चंद, आशीष कुमार अवस्थी, सुश्री असना मुस्तकीम और अन्य अधिकारियों की संयुक्त टीम द्वारा चलाया गया।
कई प्रतिष्ठानों में मिले बाल श्रमिक
अभियान के दौरान निम्नलिखित स्थानों से बाल श्रमिक कार्यरत पाए गए:
- मैसर्स लब्बैक बिरयानी एण्ड हलीम कॉर्नर, हजारा हॉस्पिटल, जीवनगढ़
- बाल श्रमिक: शानू (पुत्र शराफत, उम्र-12 वर्ष)
- निवासी: बिहारी कॉलोनी, थाना क्वार्सी, अलीगढ़
- मैसर्स कादरी होटल, जीवनगढ़ पुलिया
- बाल श्रमिक: माजिद (पुत्र जाहिद, उम्र-13 वर्ष)
- निवासी: फौली मार्केट, अलीगढ़
- मैसर्स लब्बैक होटल, जीवनगढ़ पुलिया
- बाल श्रमिक: दानिश (पुत्र राशिद, उम्र-13 वर्ष)
- निवासी: निशाद बाग, अलीगढ़
- मैसर्स ताहिर होटल, जीवनगढ़ पुलिया
- बाल श्रमिक: अब्दुला (पुत्र नासिर, उम्र-13 वर्ष)
- निवासी: जीवनगढ़, थाना क्वार्सी, अलीगढ़
- मैसर्स अख्तर टी स्टाल स्वीट्स एण्ड नमकीन, जाकिर हुसैन स्कूल के पास
- बाल श्रमिक: फैजान (पुत्र गुलजार, उम्र-12 वर्ष)
- निवासी: बरकत हाऊस, अलीगढ़
- मैसर्स जनता ऑटो, जीवनगढ़, राना नगर का टर्न
- बाल श्रमिक: अफजल (पुत्र मुहीद, उम्र-13 वर्ष)
- निवासी: जमालपुर, अलीगढ़
बाल श्रमिकों को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया
उप श्रम आयुक्त सियाराम ने बताया कि सभी बाल श्रमिकों को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। समिति द्वारा उनका आयु परीक्षण कराया जाएगा, जिसके बाद आवश्यक कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
सेवायोजकों पर लगेगा भारी जुर्माना
श्रम विभाग के अनुसार, बाल श्रमिकों को कार्य पर लगाने वाले सेवायोजकों के खिलाफ ₹20,000 से ₹50,000 प्रति बाल श्रमिक तक का आर्थिक दंड लगाया जाएगा। इसके अतिरिक्त, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, अलीगढ़ के समक्ष विधिक कार्यवाही भी की जाएगी।
बाल श्रम के उन्मूलन के लिए अभियान जारी रहेगा
श्रम विभाग के अधिकारियों ने कहा कि बाल श्रम के उन्मूलन के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे किसी भी प्रकार के बाल श्रम की सूचना तुरंत श्रम विभाग को दें, ताकि ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई की जा सके।