हिन्दुस्तान मिरर: कांग्रेस नेता राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। सुप्रीम कोर्ट ने गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी को लेकर राहुल गांधी के खिलाफ रांची की ट्रायल कोर्ट में चल रही आपराधिक मानहानि मामले की कार्यवाही पर अगले आदेश तक अंतरिम रोक लगा दी है।
जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस संदीप मेहता की पीठ ने राहुल गांधी की याचिका पर झारखंड सरकार और शिकायतकर्ता, भाजपा कार्यकर्ता नवीन झा, को नोटिस जारी कर उनसे जवाब मांगा है। राहुल गांधी ने झारखंड उच्च न्यायालय के उस आदेश को चुनौती दी थी, जिसमें उनकी याचिका खारिज कर दी गई थी।
यह मामला 2019 के लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान राहुल गांधी द्वारा गृह मंत्री अमित शाह को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से संबंधित है। इस टिप्पणी के बाद भाजपा कार्यकर्ता नवीन झा ने राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि का मामला दर्ज कराया था।
सुप्रीम कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई छह सप्ताह बाद निर्धारित की है। तब तक ट्रायल कोर्ट की कार्यवाही स्थगित रहेगी।
हिन्दुस्तान मिरर