महिला दिवस के अवसर पर दो दिवसीय महिला बाजार का आयोजन
हिन्दुस्तान मिरर: अलीगढ़, 07 मार्च 2025: उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से महिला बाजार का आयोजन किया गया। इस दो दिवसीय महिला बाजार का उद्घाटन मा0 सांसद श्री सतीश कुमार गौतम ने फीता काटकर किया। यह आयोजन कलैक्ट्रेट परिसर में 07 व 08 मार्च को महिला दिवस के उपलक्ष्य में किया जा रहा है।
सांसद श्री सतीश गौतम ने इस अवसर पर कहा कि महिलाएं एनआरएलएम के माध्यम से अपनी आजीविका को सशक्त बना रही हैं। वे अचार, मुरब्बे, पूजा सामग्री, जूट उत्पाद समेत अनेक हस्तनिर्मित वस्तुओं का निर्माण कर रही हैं, जो अब गॉवों से निकलकर शहरों में भी अपनी पहचान बना रहे हैं। उन्होंने बताया कि 2017 में प्रदेश की बागडोर योगी आदित्यनाथ के हाथ में आने के बाद महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। मुख्यमंत्री का मानना है कि जब देश की आधी आबादी आर्थिक रूप से सक्षम होगी, तभी देश आगे बढ़ेगा। राष्ट्रीय आजीविका मिशन के तहत शुरू किए गए विभिन्न योजनाओं का अब सकारात्मक प्रभाव दिखने लगा है।
महिला स्वयं सहायता समूहों की भागीदारी
महिला बाजार में विभिन्न स्वयं सहायता समूहों ने अपने उत्पादों की स्टाल लगाई, जिनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:
- संतोषी माता स्वयं सहायता समूह – जूट उत्पाद
- जय दुर्गे मां स्वयं सहायता समूह – मसाले एवं अचार
- श्री राघव ग्रामीण महिला आजीविका मिशन – पूजा सामग्री किट
- आरती स्वयं सहायता समूह – अचार एवं मुरब्बा
- राधे-राधे महिला स्वयं सहायता समूह – हाथरस की हींग
- जय माता दी स्वयं सहायता समूह – विभिन्न हस्तनिर्मित उत्पाद
- रमाबाई स्वयं सहायता समूह, परि महिला बचत समूह, मोनिका स्वयं सहायता समूह, सखी गोविंदा स्वयं सहायता समूह – विभिन्न प्रकार के उत्पाद
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति
इस कार्यक्रम में मा0 अध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती विजय सिंह, मा0 एमएलसी डा0 तारिक मंसूर, जिलाध्यक्ष कृष्णपाल सिंह, जिलाधिकारी संजीव रंजन, सीडीओ प्रखर कुमार सिंह, नगर आयुक्त विनोद कुमार समेत अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
यह महिला बाजार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो न केवल उनके आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देगा, बल्कि ग्रामीण उत्पादों को भी व्यापक स्तर पर पहचान दिलाएगा।