अलीगढ़, 26 जनवरी 2025 (हिन्दुस्तान मिरर)
जय स्तंभ पर श्रद्धांजलि और वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
जिलाधिकारी संजीव रंजन ने 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट में ध्वजारोहण किया और उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। इसके उपरांत उन्होंने संविधान की शपथ दिलाई। जिलाधिकारी ने जय स्तंभ पर पुष्पांजलि अर्पित कर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर शहीदों को नमन किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने पर्यावरण संरक्षण को प्रोत्साहित करने के लिए आम और अमरूद के पौधे रोपित किए। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि देश को आजादी के बाद कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन हमारे संविधान ने देश को विकास के पथ पर अग्रसर करने में मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने कहा, “संविधान केवल एक पुस्तक नहीं, बल्कि एक ग्रंथ है, जिसमें जनभावनाओं को मूर्त रूप दिया गया है। हमें इसके अधिकारों और कर्तव्यों का पालन करते हुए देश के विकास में योगदान देना चाहिए।”
जिलाधिकारी ने कहा कि आज भारत विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और यह हमारे संविधान की शक्ति को दर्शाता है। उन्होंने जोर दिया कि संविधान के उद्देश्य तभी सफल होंगे जब प्रत्येक नागरिक इसके महत्व को समझेगा।
इस कार्यक्रम में एडीएम पंकज कुमार, मीनू राणा, नगर मजिस्ट्रेट रमाशंकर समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
विकास भवन में सीडीओ ने किया ध्वजारोहण
मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) प्रखर कुमार सिंह ने विकास भवन प्रांगण में ध्वजारोहण किया और राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी। इस अवसर पर संविधान की प्रस्तावना का पाठ किया गया। सीडीओ ने कहा, “संविधान की प्रस्तावना उसकी आत्मा है। गणतंत्र दिवस वीर शहीदों को नमन करने और राष्ट्र पर गर्व करने का अवसर है। भारत का संविधान विश्व का सबसे बड़ा लिखित संविधान है, और इसके मौलिक अधिकार हर नागरिक की सुरक्षा और आवाज का आश्वासन देते हैं।”
इस कार्यक्रम में पीडी डीआरडीए भालचंद त्रिपाठी सहित विकास भवन के कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।