अलीगढ़, 11 फरवरी 2025 मत्स्य विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2024-25 में प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना (PMMSY) के अंतर्गत 23 मात्स्यिकी परियोजनाओं का लाभ आमजन तक पहुँचाने हेतु ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं। सहायक निदेशक मत्स्य प्रियंका आर्या ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी दी। इच्छुक लाभार्थी 15 फरवरी 2025 तक विभागीय पोर्टल http://fisheries.up.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
नयी परियोजना के तहत वित्तीय सहायता
इस वर्ष से एक नई परियोजना भी लागू की जा रही है, जिसके तहत प्रतिबंधित मत्स्य पालन अवधि और दुर्बल समय में सक्रिय पारंपरिक मछुआरों के परिवारों को आजीविका और पोषण संबंधी वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। इस योजना का उद्देश्य मत्स्य संसाधनों के संरक्षण के साथ-साथ मछुआरों के जीवन-यापन में सहायता प्रदान करना है।
योजना के लिए पात्रता मानदंड
- लाभार्थी को पूर्णकालिक सक्रिय मछुआरा होना आवश्यक है।
- वह एक कार्यशील स्थानीय मछुआरा सहकारी समिति का सदस्य हो।
- लाभार्थी गरीबी रेखा से नीचे (BPL) श्रेणी का होना चाहिए।
- आवेदक की आयु 18 से 60 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
आवेदन प्रक्रिया और संपर्क जानकारी
इच्छुक मछुआरों को अधिक से अधिक संख्या में आवेदन करने के लिए प्रेरित किया गया है। योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए लाभार्थी विभागीय पोर्टल या कार्यालय सहायक निदेशक मत्स्य, 4/9 जॉन्सन कम्पाउंड, जेल रोड, अलीगढ़ से संपर्क कर सकते हैं।
प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना के माध्यम से सरकार मछुआरों की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसलिए पात्र मछुआरें इस योजना का लाभ उठाने के लिए समय सीमा के भीतर आवेदन करें।