कांग्रेस को मिला नया मुख्यालय: सोनिया गांधी ने किया ‘इंदिरा गांधी भवन’ का भव्य उद्घाटन

कांग्रेस पार्टी को अब अपना नया मुख्यालय मिल गया है। कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने बुधवार को पार्टी के नए मुख्यालय ‘इंदिरा गांधी भवन’ का उद्घाटन किया । यह मुख्यालय दिल्ली के कोटला रोड पर स्थित है और भाजपा के मुख्यालय से मात्र 500 मीटर की दूरी पर है।

लंबे इंतजार के बाद तैयार हुआ नया भवन

इस भवन की आधारशिला 2009 में पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह और सोनिया गांधी ने रखी थी। लगभग 15 साल की लंबी प्रतीक्षा के बाद यह आधुनिक मुख्यालय तैयार हुआ है। पार्टी के सूत्रों के अनुसार, इस नए मुख्यालय को 252 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है।

इंदिरा गांधी भवन की विशेषताएं

इंदिरा गांधी भवन का कुल क्षेत्रफल 80,000 वर्गफीट है। इसे कांग्रेस और उसके नेताओं की बढ़ती जरूरतों को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है। इसमें आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं, जो प्रशासनिक, संगठनात्मक और रणनीतिक गतिविधियों का समर्थन करती हैं। यह भवन पार्टी के लिए एक प्रमुख केंद्र के रूप में काम करेगा।

प्रियंका गांधी का विशेष योगदान

इस भवन के निर्माण और सजावट में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने विशेष रुचि ली है। उन्होंने भवन के नक्शे को अंतिम रूप देने से लेकर, रंग-रोगन, तस्वीरों, पर्दों और फर्नीचर के चयन तक का काम खुद देखा है।

उद्घाटन समारोह में दिग्गज नेता हुआ शामिल

उद्घाटन समारोह में पार्टी के शीर्ष नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी सहित करीब 400 वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति रही । यह समारोह कांग्रेस के लिए एक नए युग की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।

पार्टी कार्यालयों का होगा स्थानांतरण

शुरुआती चरण में प्रशासन, लेखा और कुछ अन्य कार्यालय नए मुख्यालय में स्थानांतरित किए जाएंगे। महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई और पार्टी के विभिन्न विभागों के कार्यालय भी जल्द ही इस परिसर में शिफ्ट किए जाएंगे।

कांग्रेस के लिए एक नया अध्याय

नए मुख्यालय का निर्माण कांग्रेस पार्टी के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह पार्टी की रणनीतिक और संगठनात्मक कार्यक्षमता को और अधिक सुदृढ़ करेगा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच इस नए मुख्यालय को लेकर उत्साह का माहौल है।

पता:
इंदिरा गांधी भवन
9ए, कोटला रोड, नई दिल्ली

रिपोर्ट -हिन्दुस्तान मिरर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *